कृषि विश्वविद्यालय तथा मदर डेयरी फ्रूट्स एंड वेजिटेबल प्रा. लि., नोएडा के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए      Publish Date : 10/12/2025

कृषि विश्वविद्यालय तथा मदर डेयरी फ्रूट्स एंड वेजिटेबल प्रा. लि., नोएडा के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए

आज सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ, (SVPUAT) तथा मदर डेयरी फ्रूट्स एंड वेजिटेबल प्रा. लि., नोएडा के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता कृषि, प्रसंस्करण तकनीक, मूल्य संवर्धन, प्रशिक्षण तथा उद्योग–विश्वविद्यालय के सहयोग को एक नई दिशा प्रदान करेगा।

एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. के. के. सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मदर डेयरी के श्री भूपेन्द्र सिंह (सीनियर मैनेजर) भी विशेषरूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डॉ. रामजी सिंह (रजिस्ट्रार), डॉ. पंकज चतुर्वेदी (वित्त-नियंत्रक), डॉ. कमल खिलाड़ी (निदेशक शोध) तथा डॉ. जयवीर सिंह (अधिष्ठाता, तकनीकी महाविद्यालय) भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

माननीय कुलपति महोदय ने विश्वविद्यालय की ओर से एमओयू पर हस्ताक्षर किए, जबकि मदर डेयरी फ्रूट्स एंड वेजिटेबल प्रा. लि. की ओर से श्री भूपेन्द्र सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर डॉ. के. के. सिंह ने कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा कृषकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इस एमओयू के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण एवं डेयरी तकनीक से संबंधित अत्याधुनिक तकनीकों का आदान–प्रदान, प्रशिक्षण कार्यक्रम, औद्योगिक भ्रमण, इंटर्नशिप एवं संयुक्त शोध कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मदर डेयरी विश्वविद्यालय के साथ मिलकर अनुसंधान, गुणवत्ता सुधार एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम का संचालन शोध -निदेशालय द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के उपस्थित सभी अधिकारियों एवं अतिथियों ने इस एमओयू को कृषि–प्रसंस्करण और प्रौद्योगिकी शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।