अनाज का रिकॉर्ड उत्पादन 8 प्रतिशत बढ़कर 35.77 करोड़ टन तक पहुंचा      Publish Date : 21/11/2025

अनाज का रिकॉर्ड उत्पादन 8 प्रतिशत बढ़कर 35.77 करोड़ टन तक पहुंचा

देश का अनाज उत्पादन फसल वर्ष 2024-25 (जुलाई-जून) के दौरान 8 प्रतिशत बढ़कर 35.77 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है। फसल वर्ष 2023-24 में अनाज उत्पादन 33.27 करोड़ टन रहा था।

अनाज उत्पादन के अंतिम अनुमान को जारी करते हुए कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा यह रिकार्ड उत्पादन किसानों के प्रयासों, उच्च न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और खरीद सहित किसान के हित में सरकारी नीतियों का ही परिणाम है।

                                                              

अंतिम अनुमान के अनुसार, वर्ष 2024-25 में गेहूं का उत्पादन रिकॉर्ड 11.79 करोड़ टन रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 11.33 करोड़ टन रहा था। चावल का उत्पादन भी बढ़कर रिकॉर्ड 15.02 करोड़ टन तक पहुंच गया है। एक वर्ष पहले यह 13.78 करोड़ टन था। मोटे अनाज का उत्पादन भी बढ़कर 6.39 करोड़ टन के स्तर तक पहुंच गया है।

दाल उत्पादन बढ़कर 2.57 करोड़ टन हो चुका है जो कि वर्ष 2023-24 में 2.42 करोड़ टन था। तिलहनी फसलों का उत्पादन भी बढ़कर 4.30 करोड़ टन हो गया जबकि गन्ने का उत्पादन भी 45.46 करोड़ टन के स्तर तक पहुंच गया है।