फसलों में रोग एवं कीटों का होगा डाटाबेस तैयार      Publish Date : 04/09/2025

            फसलों में रोग एवं कीटों का होगा डाटाबेस तैयार

फसलों में कीटों का खतराः कीट नियंत्रण और फसल नुकसान की भरपाई की दोहरी तैयारी, कीटों-रोगों का होगा डाटाबेस तैयार-

जलवायु परिवर्तन, गर्मी, लू और टिड्डियों के प्रकोप जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद आईसीएआरआई की नेशनल इनोवेशन्स इन क्लाइमेट रेजिलिएंट एग्रीकल्चर (NICRA) परियोजना चलाई जा रही है। यह परियोजना फसलों, पशुधन, बागवानी और मत्स्य पालन पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव का समग्र अध्ययन करती है और सूखा, बाढ़, ठंढ और गर्मी जैसी चरम मौसमी परिस्थितियों से निपटने के लिए जलवायु-अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देती है।

केवल इतना ही नहीं, NICRA परियोजना के तहत 12 कृषि-जलवायु क्षेत्रों में कीटों, रोगों और मौसम पर डाटाबेस भी विकसित किया जा रहा है। यह जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी है।

पीएम फसल बीमा योजना से राहत

किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान से बचाने के लिए सरकार ने वर्ष 2016 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना (RWBCIS) लागू की है। ये योजनाएं बुवाई से कटाई तक के नुकसान को कवर करती हैं, जिसमें सूखा, बाढ़, ओलावृष्टि और जलभराव जैसी आपदाएं शामिल हैं। वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक, किसानों ने ₹18175 करोड़ प्रीमियम का भुगतान किया, जबकि ₹86,755.8 करोड़ के दावों का भुगतान हुआ, जिससे 14.63 करोड़ किसान लाभान्वित हुए।

SDRF और NDRF से आपदा में राहत

इसके अतिरिक्त, राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) अधिसूचित प्राकृतिक आपदाओं के दौरान वित्तीय सहायता प्रदान करते हैं।

पिंक बॉलवर्म प्रबंधन के लिए विशेष प्रयास ICAR-ICAR सेंट्रल इंस्टीट्यूट फॉर कॉटन रिसर्च (ICAR-CICR), नागपुर ने वर्ष 2018-19 से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा और पोषण मिशन (NFSNM) के तहत ‘पिंक बॉलवर्म’ प्रबंधन रणनीतियों का प्रसार’ परियोजना शुरू की है। इसका उद्देश्य कपास की फसल के विभिन्न विकास चरणों में एकीकृत पिंक बॉलवर्म प्रबंधन रणनीतियों को लागू करना है। ICAR-CICR ने कीटों के स्तर को कम करने के लिए फेरोमोन ट्रैप विकसित किए हैं, जो प्रभावित क्षेत्रों में उपयोग किए जा रहे हैं।

किसानों के लिए तकनीकी सहायता NICRA परियोजना के तहत विकसित जलवायु-अनुकूल तकनीकें किसानों को सूखा, बाढ़ और गर्मी जैसी परिस्थितियों से निपटने में मदद कर रही हैं। साथ ही, PMFBY और RWBCIS योजनाएं प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ये प्रयास किसानों की आय को स्थिर करने और खेती में उनकी निरंतर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डिजाइन किए गए हैं।