उत्तर प्रदेश में सड़को के किनारे लगाए जाएंगे फलदार वृक्ष      Publish Date : 25/04/2025

उत्तर प्रदेश में सड़को के किनारे लगाए जाएंगे फलदार वृक्ष

उत्तर प्रदेश में सड़कों के किनारे लगए जाएंगे आम, जामुन, इमली और बेल आदि के सात करोड़ पौधे, वन विभाग चिह्नित कर रहा इस काम के लिए जमीन।

उत्तर प्रदेश में सड़कों के किनारे अब फलदार वृक्ष लगाए जाएंगे। इसके पीछे मंशा यह है कि इन पेड़ों से बंदर सहित अन्य जानवरों को आहार भी मिलेगा और आश्रय भी मिलेगा।

                                      

उत्तर प्रदेश में नदियों और सड़कों के किनारे आम, जामुन, आंवला, इमली, बेल, सहजन, शहतूत, जंगल जलेबी, बेर, कैथा, बहेड़ा और महुआ आदि के सात करोड़ से अधिक फलदार पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग अगले मानसून सीजन में फलदार पौधे लगाने के लिए खाली सरकारी जमीन चिह्नित कर रहा है। वहीं, वन विभाग की नर्सरी में भी 11.12 करोड़ पौधे उपलब्ध हैं।

इससे जहां बंदरों की भूख मिटेगी, वहीं किसानों को भी राहत मिलेगी। 1990 के शासनादेश के अनुसार, मानसून सीजन में जितने पौधे रोपे जाएंगे, उसका 20 प्रतिशत हिस्सा फलदार पौधों का होगा। लेकिन, इस शासनादेश का प्रदेश में पालन नहीं किया जा रहा है। अब वन विभाग उत्तर प्रदेश ने मानक के अनुसार फलदार पौधे लगाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। आगामी मानसून सत्र में प्रदेश सरकार ने 35 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य वन समेत विभिन्न विभागों को दिया है।

20 प्रतिशत फलदार पौधे लगाने का निर्देश

                                             

उत्तर प्रदेश के वन बल प्रमुख सुनील चौधरी ने बताया कि हमारी नर्सरियों में इस समय 45.37 करोड़ पौधे उपलब्ध हैं। इनमें से 25 प्रतिशत यानी 11.12 करोड़ पौधे फलदार हैं। सभी डीएफओ को न्यूनतम 20 प्रतिशत फलदार पौधे लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं।