अर्नब तूफान का असर यूपी पहुंचा, काशी से लेकर अयोध्या तक तेज हवाओं संग बारिश      Publish Date : 29/10/2026

अर्नब तूफान का असर यूपी पहुंचा, काशी से लेकर अयोध्या तक तेज हवाओं संग बारिश

बंगाल की खाड़ी से चले अर्नब तूफान का असर गुरुवार की सुबह से यूपी में दिखने लगा है। इसके चलते कई जिलों में बारिश शुरू हो गई। काशी से लेकर अयोध्या, गोरखपुर से लेकर मेरठ तक इसका असर दिख रहा है। जहां, काशी, अयोध्या और गोरखपुर में हल्की बारिश की शुरुआत हुई है। वहीं, पश्चिम यूपी के मेरठ में सुबह ही धुंध और ठंड से हुई। इसी के बाद ठंडी हवाएं भी चलने लगी हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार एवं शुक्रवार को आंधी-पानी के साथ वज्रपात की भी चेतावनी थी। मौसम विभाग का कहना था कि 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेंगी और तेज वर्षा होगी।

गुरुवार के दिन की शुरुआत सुबह ठंड और हवाओं के साथ हुई। मौसम अचानक बदल गया। आसमान में बादल छा गए। वहीं, वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर समेत इनके आस-पास के इलाकों में बारिश भी शुरू हो गई। इससे सुबह ही ठंडक का एहसास होने लगा है। तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

                               

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने कहा कि 29 और 30 अक्तूबर को भारी बारिश की संभावना है। 31 अक्टूबर तक शहर का अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया। पूर्वी यूपी के अलग-अलग इलाकों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, तेज हवाएं चलने का अलर्ट मिलते ही जर्जर भवनों को लेकर प्रशासन में चिंता है।

देश में सबसे ठंडा मेरठ, आज बादल-बारिश के आसार

बंगाल की खाड़ी में बने समुद्री तूफान अर्नब के असर से आज मेरठ सहित वेस्ट यूपी में बादल एवं बारिश के आसार हैं। आज से 48 घंटे तक पूरे क्षेत्र में बादल छाए रहने के साथ ही बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम का यह मिजाज आज करवाचौथ पर रात में आसमान में चांद देखने की इच्छा पर पानी फेर सकता है। बुधवार देर रात वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में बादल पहुंचने शुरू हो गए। आज सुबह से इनका असर और बढ़ सकता है। मेरठ में मंगलवार की रात ना केवल प्रदेश में सबसे ठंडी दर्ज की गई बल्कि सीजन में सबसे कम पारा भी रिकॉर्ड हुआ। वहीं, एक्यूआई खराब श्रेणी में 201 दर्ज हुआ।