
गेहूं की अगेती बुवाई के लिए उत्तम पैदावार देने वाली किस्में Publish Date : 16/11/2026
गेहूं की अगेती बुवाई के लिए उत्तम पैदावार देने वाली किस्में
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 शालिनी गुप्ता
-
DBW 303, WH 1270 सहित गेहूं की 5 उन्नत किस्मों और उनकी विशेषताएं
इस समय देश के कई राज्यों में धान की कटाई शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही किसान रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की बुवाई की तैयारी में भी जुट चुके हैं। गेहूं की अच्छी पैदावार प्राप्त करने के लिए खेत की तैयारी और समय पर बुवाई के साथ उन्नत बीजों का चुनाव करना भी बेहद आवश्यक होता है। अलग-अलग किस्मों की पैदावार क्षमता, उनके पकने की अवधि, रोगों से लड़ने की क्षमता और अनुकूल जलवायु अलग-अलग होती है। ऐसे में किसानों को अपने क्षेत्र, सिंचाई की सुविधा की उपलब्धता और बुवाई के समय के हिसाब से उचित किस्म का चयन करना चाहिए। किसान डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, गेहूं की पांच किस्में अपनी विशेषताओं के कारण किसानों के लिए उपयोगी सिद्व हो सकती हैं।
किसान गेहूं की इन 5 किस्मों की बुवाई करने पर विचार कर सकते हैं-

1. DBW 303 (करण वैष्णवी)
DBW 303, जिसे करण वैष्णवी के नाम से भी जाना जाता है, गेहूं की एक उन्नत किस्म है। इस किस्म को भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल के द्वारा विकसित किया गया है। यह किस्म उत्तर-पश्चिमी भारत के सिंचित क्षेत्रों में अगेती बुवाई के लिए उपयुक्त बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, इसकी औसत पैदावार करीब 32 क्विंटल प्रति एकड़ और संभावित पैदावार लगभग 39 क्विंटल प्रति एकड़ तक हो सकती है। इस किस्म के दानों में करीब 12.1 प्रतिशत प्रोटीन पाया जाता है। इसके साथ ही यह किस्म पीले और भूरे रतुआ जैसे रोगों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता भी रखती है।
2. WH 1270 किस्म
WH 1270 गेहूं की एक अगेती एवं उन्नत किस्म है, जिसे हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के द्वारा विकसित किया गया है। गेहूं की यह कम अवधि में अच्छी पैदावार और मोटे दानों के लिए जानी जाती है। अनुकूल मौसम और उचित देखभाल के होने पर इसकी पैदावार करीब 28 से 30 क्विंटल प्रति एकड़ तक हो सकती है। किसान इस किस्म का चयन करने से पहले अपने क्षेत्र में इसकी उपयुक्तता और अनुशंसित बुवाई अवधि की जानकारी अवश्य ही कर लें।
3. DBW 327 (करण शिवानी)
DBW 327 को करण शिवानी के नाम से भी जाना जाता है। इस किस्म की विशेषता इसका मजबूत तना है। मजबूत तने के कारण तेज हवा और बारिश की स्थिति में फसल के गिरने यानी बिछने का जोखिम कम हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, इसकी पैदावार क्षमता 30 क्विंटल प्रति एकड़ से अधिक हो सकती है। हालांकि, वास्तविक उत्पादन मौसम, मिट्टी, सिंचाई और फसल प्रबंधन पर निर्भर करता है।
4. HD 3226 (पूसा यशस्वी)
HD 3226 यानी पूसा यशस्वी उत्तर-पश्चिमी भारत के सिंचित क्षेत्रों में समय पर बुवाई के लिए एक उपयुक्त किस्म मानी जाती है। रिपोर्ट में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के हवाले से इसकी औसत पैदावार लगभग 57 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है। इसके दानों में करीब 12.8 प्रतिशत प्रोटीन पाया जाता है। गेहूं की यह किस्म पीले, भूरे और काले रतुआ सहित गेहूं के कई प्रमुख रोगों के प्रति अच्छी प्रतिरोधक क्षमता रखती है।
5. DBW 187 (करण वंदना)

DBW 187 को करण वंदना के नाम से भी जाना जाता है। गेहूं की यह किस्म करीब 120 दिनों में पककर तैयार हो जाती है और पीले तथा भूरे रतुआ जैसे प्रमुख रोगों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता भी रखती है। रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम और पश्चिम बंगाल सहित उत्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्रों में सिंचित और समय पर बुवाई की स्थिति में इसकी औसत पैदावार करीब 19 क्विंटल प्रति एकड़ बताई गई है। इस किस्म का चुनाव करते समय किसान अपने क्षेत्र के लिए जारी कृषि संबंधी सिफारिशों की पुष्टि करने के बाद ही गेहूं की इस किस्म की बुवाई करें।
गेहूं की बुवाई से पहले इन बातों का रखें विशेष ध्यान
अच्छी पैदावार के लिए खेत को अच्छी तरह तैयार करना और स्वस्थ बीज का उपयोग करना बहुत जरूरी है। बुवाई से पहले बीज उपचार कृषि विशेषज्ञ की सलाह और उत्पाद के लेबल पर दिए निर्देशों के अनुसार ही करना चाहिए। रिपोर्ट में समय पर बुवाई के लिए करीब 40 किलो बीज प्रति एकड़ की मात्रा और कतारों के बीच 22 से 25 सेंटीमीटर दूरी रखने का उल्लेख किया गया है। हालांकि, बीज की सही मात्रा किस्म, बुवाई की विधि और स्थानीय कृषि सिफारिशों के अनुसार अलग अलग भी हो सकती है।
बुवाई के समय खाद का इस्तेमाल मिट्टी की जांच और जरूरत के अनुसार करना चाहिए। फसल को सिंचाई भी उसकी अवस्था, मिट्टी में नमी और मौसम के अनुसार ही करनी चाहिए। केवल अधिक उत्पादन देने के दावे के आधार पर बीज का चुनाव न करें। अपने जिले और कृषि-जलवायु क्षेत्र के लिए अनुशंसित किस्म को प्राथमिकता दें। किसान स्थानीय कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र या कृषि विश्वविद्यालय से सलाह लेकर सही किस्म का चुनाव कर सकते हैं।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।