
मोरना सहकारी शुगर मिल की वार्षिक सामान्य निकाय सभा का आयोजन Publish Date : 30/09/2026
मोरना सहकारी शुगर मिल की वार्षिक सामान्य निकाय सभा का आयोजन
मुजफ्फरनगर में मोरना सहकारी शुगर मिल की वार्षिक सामान्य निकाय सभा का आयोजन, गन्ने की बढ़ती लागत किसानों की सबसे बड़ी चिंता: अनिल राठी
दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल समिति लिमिटेड मोरना की वार्षिक सामान्य निकाय सभा का आयोजन सोमवार को किया गया जिसमें किसानों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उर्वरक, कृषि यंत्रों पर अनुदान, पक्के रास्ते, उन्नत बीज, मिल परिसर में किसानों को सुविधाएं, बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र के किसानों को मुआवजा आदि समस्याएं रखी गयी।
कार्यक्रम में मोरना ब्लॉक प्रमुख अनिल राठी ने कहा कि गन्ने की नई प्रजाति को विकसित करने वाले शोध केन्द्र पेस्टीसाइड का भी उत्पादन कर रहे है। यही कारण है कि गन्ने की फसल में कीटनाशक का प्रयोग तेज़ी से बढ़ रहा है। महंगी लागत के कारण गन्ने की फसल से विमुख होकर किसान पॉपुलर पेड़ की खेती की ओर जा रहा है। प्रगतिशील किसान यशवीर सिंह सहरावत ने कहा कि चीनी मिल किसानों के खेतों तक पक्के रास्तो का निर्माण कराए जिससे मिल तक फसल को लाना आसान हो। किसान को मिलने वाले खाद का वितरण रकबे के हिसाब से किया जाए।
संसार सिंह ने मिट्टी की निःशुल्क जांच, कृषि यंत्रों पर अनुदान आदि मांगो पर ध्यान प्रधान संजय चौहान ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र के किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की। कार्यक्रम में बाबू प्रकाश वीर, राजीव चौधरी, राजेश सहरावत, ज्ञान सिंह सैनी आदि ने किसानो की समस्याओ को प्रमुखता से रखा। मिल के प्रधान प्रबन्धक वीपी पांडेय ने किसानों की सभी समस्याओं के शीघ्र निदान का आश्वासन देते हुए कर्ज पर ब्याज, मिल के विस्तारीकरण के सम्बंध में जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने कहा कि मिल, गन्ना व किसान एक दूसरे के पूरक हैं किसान समृद्ध हो यही शासन प्रशासन का उद्देश्य है। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता ने किसानों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का उल्लेख किया जिसमें कृषि यंत्रों पर अनुदान उन्नत बीज आदि के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य रूप से वरुण कुमार, मनोज कुमार उर्फ बिन्नू राठी देवेंद्र सिंह, बृजबीर सिंह, विनोद शर्मा, ऋषिपाल सिंह आदि मौजूद रहे, कार्यक्रम का संचालन कालूराम सिंह ने किया।