हरियाणा के किसानों को दर से मिलेगा गेहूं बीज      Publish Date : 20/09/2026

हरियाणा के किसानों को दर रियायती पर मिलेगा गेहूं बीज

किसानों को ₹1,080 प्रति 40 किग्रा. बैग की दर से मिलेगा गेहूं बीज

हरियाणा सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए प्रमाणित गेहूं बीज के सरकारी रेट घोषित किए हैं। किसानों को 40 किलो का बैग ₹1,080 में मिलेगा। इस प्रकार से राज्य सरकार ₹1,695 रूपये प्रति क्विंटल बीज की सब्सिडी देगी। यह लाभ निर्धारित नोटिफाइड किस्मों और केवल हरियाणा के स्थानीय किसानों के लिए ही लागू होगा।

हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने आगामी रबी सीजन 2026-27 के लिए प्रमाणित गेहूं बीज के सरकारी बिक्री रेट घोषित कर दिए हैं। इसके तहत प्रदेश के किसानों को सरकारी बिक्री केंद्रों से 40 किलोग्राम गेहूं बीज का बैग ₹1,080 में उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि विभाग ने इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।

सरकार की ओर से किसानों को गेहूं बीज के निर्धारित मूल्य पर सब्सिडी दी जा रही है। विभाग के अनुसार गेहूं बीज का रेट ₹4,395 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। अब गेंहू के बीज की खरीद में में सरकार की ओर से ₹1,695 प्रति क्विंटल की छूट दी जाएगी। सब्सिडी के बाद किसानों के लिए गेहूं बीज की कीमत ₹2,700 प्रति क्विंटल रह जाएगी।

10 साल से कम पुरानी किस्मों पर लागू होगी सब्सिडी

सरकार द्वारा दी जा रही यह सब्सिडी 10 साल से कम पुरानी सभी नोटिफाइड गेहूं किस्मों पर लागू होगी। हालांकि, C-306 किस्म को इस सब्सिडी योजना में शामिल नहीं किया गया है। इसलिए किसान बीज खरीदने से पहले संबंधित किस्म और उस पर लागू सब्सिडी की जानकारी जरूर जांच लें।

प्रमाणित गेहूं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इसे विभिन्न सरकारी और सहकारी संस्थाओं के बिक्री केंद्रों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा।

इन बिक्री केंद्रों पर मिलेगा गेहूं बीज

सरकारी दर पर गेहूं बीज किसानों को कई निर्धारित बिक्री केंद्रों से उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें HAFED, HSSCA, HLRDC, KRIBHCO, IFFCO, NFL और NSC जैसी एजेंसियां शामिल हैं।

इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने का उद्देश्य रबी सीजन में गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। किसान अपने नजदीकी संबंधित बिक्री केंद्र पर जाकर बीज की उपलब्धता और खरीद से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

केवल हरियाणा के स्थानीय किसानों को ही मिलेगा लाभ

सरकार के आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित सब्सिडी का लाभ हरियाणा के स्थानीय किसानों को ही मिलेगा। यानी सरकारी दर पर मिलने वाली यह छूट प्रदेश के पात्र किसानों के लिए ही निर्धारित की गई है।

इसके अलावा प्राइवेट कंपनियों, सरकारी प्रदर्शनियों और FPOs को इस दर पर सब्सिडी उपलब्ध नहीं होगी। इसलिए किसान और अन्य संस्थाएं बीज खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वे योजना के तहत निर्धारित लाभार्थी श्रेणी में आते हैं या नहीं।

किसानों के लिए क्या है फायदा?

प्रमाणित बीज की खरीद पर सरकार की ओर से दी जा रही छूट से किसानों को रबी सीजन में गेहूं की खेती के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज कम कीमत पर प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। बेहतर गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज का इस्तेमाल फसल की स्थापना और उत्पादन प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

किसानों को सलाह दी जाती है कि वे बीज खरीदते समय किस्म, प्रमाणित बीज की जानकारी, निर्धारित सरकारी रेट और बिक्री केंद्र की पुष्टि जरूर करें. साथ ही, बीज की खरीद का बिल या रसीद अपने पास सुरक्षित रखें।