किसानों को सिखाए गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उपाय      Publish Date : 15/11/2025

          किसानों को सिखाए गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उपाय

चीनी मिल द्वारा गन्ने से अधिक उत्पादन लेने के लिए मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना 2025-26 के तहत ग्राम बनबैरिया जोन के भवानीपुर में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में महाप्रबंधक गन्ना कुलदीप सिंह ढाका, उप महाप्रबंधक प्रेम सिंह, केवीके नरकटियागंज के डॉ. अभित पात्रा एवं डॉ. रातुल कुमार ने किसानों को आधुनिक तकनीक से गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए।

महाप्रबंधक श्री ढाका ने किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई की वैज्ञानिक विधि, 4 फीट की दूरी, मृदा परीक्षण, उर्वरकों के संतुलित प्रयोग, कीट व रोग नियंत्रण तथा सिंचाई प्रबंधन आदि पर प्रशिक्षित किया। उप महाप्रबंधक प्रेम सिंह ने किसानों से अधिक क्षेत्रफल में शरदकालीन गन्ना बुवाई कर सहफसली खेती से अतिरिक्त आय लेने का आह्वान किया।

                                                                

उन्होंने बताया कि 4 फीट की दूरी पर बुवाई करने से 30-35 प्रतिशत बीज की बचत, बेहतर धूप, रोग व कीट का प्रकोप कम और आसान निराई-गुड़ाई होती है। साथ ही, चीनी मिल द्वारा सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जा रहे कृषि यंत्रों डिस्क प्लाउ, ऑटोमैटिक केन प्लांटर, एमबी प्लाउ और स्प्रे मशीन के लाभ लेने की अपील की। डॉ. अभित पात्रा ने किसानों को ऑटोमैटिक केन प्लांटर मशीन से बुवाई कर लागत व श्रम बचाने पर जोर दिया।

वहीं डॉ. रातुल ने क्षेत्र के अनुसार गन्ना प्रजाति का चयन, भूमि व बीज उपचार, रोग-कीट नियंत्रण तथा बड़वा कीट से बचाव के उपाय विस्तार से बताए। इस मौके पर गन्ना अधिकारी दिनेश सिंह, योगेंद्र सिंह, सीबी चौधरी, राधेश्याम और मनीष कुमार आदि लोग भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण प्रोग्राम में 150 से अधिक गन्ना किसान शामिल हुए. जिनमें अशोक, अनिल, सुनील, अनवर मियां, राजदेव महतो, राजाराम, भूप नारायण सिंह और गणेश ओझा आदि सहित अनेक प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।