
गन्ना पर्ची अब सिर्फ मोबाइल पर Publish Date : 14/11/2025
गन्ना पर्ची अब सिर्फ मोबाइल पर
किसान रखें फोन चालू, इनबॉक्स खाली और नेटवर्क क्षेत्र में रहें-
प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त ने जानकारी दी है कि चालू पेराई सत्र 2025-26 में गन्ना किसानों को गन्ना पर्चियां अब केवल S.M.S. पर्ची के रूप में उनके पंजीकृत मोबाइल फोन पर ही भेजी जा रही हैं। इसलिए किसान भाई अपने मोबाइल फोन को हमेशा चालू, एवं रिचार्ज एवं नेटवर्क क्षेत्र में रखें ताकि गन्ने की पर्ची उन्हें रियल टाइम में प्राप्त हो सके।
गन्ना आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट गन्ना किसान (S.G.K.) पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल नंबर सही होना अत्यंत आवश्यक है। किसान अपने गन्ना पर्यवेक्षक या समिति के माध्यम से अपने मोबाइल नंबर की जांच एवं सुधार अवश्य कर लें।

विभाग के अनुसार वर्तमान में 95 प्रतिशत से अधिक S.M.S. पर्चियां सफलतापूर्वक किसानों तक पहुंच रही हैं, लेकिन पूर्ण सफलता के लिए जरूरी है कि किसान अपने मोबाइल को हमेशा चालू स्थिति में रखें।
- मोबाइल में पर्याप्त बैलेंस और रिचार्ज बनाए रखें।
- DND (Do Not Distrub) सेवा एक्टिवेट न करें।
- इनबॉक्स खाली रखें ताकि पर्ची संदेश प्राप्त हो सके।
गन्ना पर्ची प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी और तकनीक आधारित बताया गया है। इससे किसानों को पर्ची तत्काल प्राप्त होगी और वे समय से ताजा गन्ना आपूर्ति कर पाएंगे। इससे न केवल पर्ची वितरण की प्रक्रिया तेज हुई है, बल्कि गन्ने की सूख से होने वाली हानि भी रोकी जा सकेगी।
गन्ना आयुक्त ने सभी क्षेत्रीय और जिला गन्ना अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों को एस.एम.एस. पर्ची प्रणाली की जानकारी दें और किसी भी डिलीवरी समस्या के त्वरित समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कृषक बंधुओं से अपीलः
किसान भाई “अपना मोबाइल फोन हमेशा चालू हालत में रखें, नेटवर्क में रहें और डी.एन.डी. सर्विस बंद रखें - ताकि आपकी गन्ना पर्ची समय पर आपके मोबाइल पर पहुंचे।
