
औषधीय पौधों की खेती यानि अधिक लाभ Publish Date : 21/11/2026
औषधीय पौधों की खेती यानि अधिक लाभ
प्रो0 आर. एस. सेंगर, डॉ0 रेशु चौधरी
-
औषधीय पौधों की खेती से होती है बंपर पैदावार और प्राप्त होता है भरपूर मुनाफा
कोरोना महामारी के बाद अधिकतर लोगों का औषधीय पौधों की तरफ झुकाव कुछ अधिक ही होने लगा है। हमारे देश में विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधों की भरमार है, जो कि हमारे स्वास्थ्य के लिए सदियों से लाभदायक माने जाते रहे हैं। आज के अपने इस लेख में हम 5 ऐसे ही औषधीय पौधों के सम्बन्ध में आपको पूरी जानकारी प्रदान करने जा रहे हैं, जिनकी खेती कर आप भी भरपूर लाभ कमा सकते हैं:-
देश के अधिकतर किसान भाई औषधीय पौधों की फसल को भी पारंपरिक खेती की तरह से ही अपना रहे हैं। ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि कोरोना महामारी के दौरान लोगों ने आयुर्वेदिक चीज़ों का सेवन अधिक करना शुरू कर दिया और अपने स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाकर रखा और इससे अब इनके उत्पदों की मांग देश समेत विश्व के कोने-कोने से भी होने लगी है। भारत में आयुर्वेद का उपयोग पौराणिक काल से ही चला आ रहा है, जो कि पूरे विश्व की सबसे पुरानी चिकित्सा प्रणाली है।
इसी कड़ी में आज हम ऐसी ही 5 औषधीय फसलों की जानकारी देने जा रहे हैं, जिससे किसान कम समय में बंपर मुनाफा कमा सकते हैं। खास बात यह है कि सरकार की तरफ से इन पौधों की खेती के लिए सब्सिडी भी दी जा रही है।
औषधीय फसलों का महत्व
चिशेष रूप से भारत में औषधीय फसलों का महत्व बहुत ही अधिक है। औषधीय पौधों से आयुर्वेदिक दवाइयां बनाई जाती हैं। साथ में इनका उपयोग घरेलू जड़ी-बूटी के तौर पर भी किया जाता रहा है। माना जाता है कि आयुर्वेद में हर बीमारी का उपचार उपलब्ध है। ऐसे में आप भी हमारे द्वारा बताए गए इन पौधों की खेती कर बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं, जो कि इस प्रकार से हैं-
अकरकरा की फसल
अकरकरा एक प्रमुख औषधीय पौधा है। पिछले सैंकड़ो वर्षों से अकरकरा का उपयोग आयुर्वेद उपचार के लिए किया जा रहा है। इसके डंठल व बीज की मांग बाजार में हमेशा ही बहुत अधिक बनी रहती है। अकरकरा का उपयोग दंत-मंजन, तेल व दर्द निवारक दवाइयां बनाने के लिए अधिकतर किया जाता है। अरकरा की खेती में मेहनत बहुत कम लगती है तथा उत्पादन बहुत अधिक मिलता है। अकरकरा की खेती भारत में मुख्यतः मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा आदि राज्यों में की जाती है। खास बात यह कि इसके पौधों पर मौसम का अधिक प्रभाव देखने को नहीं मिलता है।
अश्वगंधा की खेती

अश्वगंधा को स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक माना जाता है। इसके पौधे का स्वरूप देखने में झाड़ीदार होता है। इसके पौधों की जड़ों से घोड़े के जैसी गंध आती है और घोड़े को अश्व कहा जाता है. इसलिए इस पौधे का नाम अश्वगंधा रखा गया है। अश्वगंधा के पत्ते, जड़, बीज व फल सर्वांग को औषधि के रूप में उपयोग किया जाता है। अश्वगंधा को भोजन, चाय के साथ सेवन के प्रयोग में लाया जाता है। इसकी खेती किसानों के लिए लाभदायक साबित हो रही है, किसान इससे कई गुना लाभ कमा रहे हैं, तभी तो इसे कैश क्रॉप के नाम से जाना जाता है।
अश्वगंधा का सेवन करने से शरीर में घोड़े जैसी स्फूर्ती, बल व शक्ति आती है। इसके अलावा यह कैंसर जैसी घातक बीमारियों से लड़ने में भी सक्षम है और साथ ही तनाव को भी कम करता है।
देखा जाए तो अश्वगंधा की खेती में बेहद कम लागत आती है तथा लागत से 3 गुना अधिक लाभ मिल जाता है। किसानों के लिए पारंपरिक खेती में बढ़ते नुकसान को देखते हुए अश्वगंधा की खेती लाभदायक साबित हो सकती है।
सहजन की खेती
सहजन में विटामिन्स का भंडार होता है। साथ ही इसमें एंटी ऑक्सीडेंट और विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य लाभकारी गुण पाए जाते हैं। इसलिए इसकी मांग पूरे वर्षभर बनी रहती है। सहजन की फसल की खास बात यह है कि एक बार बुवाई के बाद पूरे 4 साल तक इससे अच्छा उत्पादन मिलता रहता है। 1 एकड़ भूमि से किसान सहजन की फसल से लगभग 10 महीने बाद 1 लाख रुपए तक की कमाई कर सकते है। सहजन को सब्जी के तौर पर खाया जाता है, साथ ही दवा के रूप में भी उपयोग में लाया जाता है। इसकी जड़, पत्ते, छाल आदि का इस्तेमाल आयुर्वेद के लिहाज से किया जाता है। इसकी खेती मुख्यतः दक्षिणी भारत के हिस्सों तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश व कर्नाटक में की जाती है।
लेमनग्रास की खेती

लेमनग्रास अपने आप में एक औषधीय पौधा है। इसकी गंध नींबू की जैसी होती है। लेमनग्रास में सिंट्राल व विटामिन ए की मात्रा बहुत अधिक पाई जाती है। लेमनग्रास से तेल बनाया जाता है, जिसकी बाजार में मांग बहुत अधिक होती है। इसके अलावा इसका उपयोग दवा बनाने में भी किया जाता है और कुछ लोग इसकी चाय बनाकर भी उसका सेवन करते हैं। लेमनग्रास की खेती कर किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं क्योंकि इस पर मौसम का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है और लेमन ग्रास को आवारा मवेशी भी नहीं खाते हैं।
भारत सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के उद्देश्य से नेश्नल एरोमा मिशन के तहत औषधीय और सगंध पौधों को बढ़ावा दे रही है, जिसमें लेमनग्रास की खेती भी शामिल है। लेमनग्रास का पौधा बुवाई के 70 से 80 दिनों में तैयार हो जाता है।
सतावर/ शतावरी की खेती
सतावर एक औषधीय पौधा है, जिसे कई प्रकार की दवा बनाने के लिए उपयोग में लाया जाता है। समय के साथ इसकी मांग व कीमत में बढ़ोतरी हुई है। सतावर की खेती से किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। इसके पौधे 1 साल के भीतर तैयार हो जाते हैं तथा किसान 1 एकड़ भूमि से लगभग 5 से 6 लाख रुपए तक की कमाई की जा सकती हैं। सतावर की खेती किसानों के लिए अधिक फायदेमंद इसलिए भी साबित हो रही है, क्योंकि इसमें कीट पतंग बहुत कम लगते हैं, तो वहीं इसके पौधे कांटेदार होते हैं जिस वजह से इसे जानवर भी नहीं खाते हैं। बता दें कि भारत में सतावर की खेती उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान व मध्य प्रदेश में की जाती है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।