
कुटकी की सफल खेती और इसके औषधीय उपयोग Publish Date : 20/11/2026
कुटकी की सफल खेती और इसके औषधीय उपयोग
प्रो0 आर. एस. सेंगर, डॉ0 रेशु चौधरी एवं डॉ0 सुशील शर्मा
कुटकी एक जड़ी-बूटी का पौधा होता है जिसके सम्बन्ध में आयुर्वेद में विभिन्न उपचार के विषय में काफी महत्वपूर्ण बातें बताई गई हैं। हमारे देश भारत में प्राचीन समय से ही कुटकी का उपयोग विभिन्न रोगों के उपचार के लिए किया जाता रहा है।
कुटकी एक औषधीय पौधा होता है, यह वाद में बहुत ही कड़वा एवं बारहमासी बहुवर्षीय पौधा है और इसकी पत्तियां 5 से 10 सेंटीमीटर लम्बी और पैनी होती हैं। कुटकी को कटुका, कुरु, कटवी, कटकी और कतूरोहिनी आदि विभिन्न नामों से भी जाना जाता है। प्राचीन काल से ही इसका उपयोग विभिन्न प्रकार की औषधियों को बनाने के लिए किया जाता रहा है। इसकी खेती देश के विभिन्न राज्यों जैसे कि हिमाचल प्रदेश, उत्तरांचल, उत्तर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश आदि की पहाड़ियों पर की जाती है।
कुटकी की खेती करने का तरीका-

खेती के लिए उपयुक्त मृदा
कुटकी की बुवाई करने का सबसे सही समय नवंबर से लेकर जनवरी महीने के बीच समय का होता है। हालांकि, अल्पाइन क्षेत्रों में कुटकी की बुवाई मई के माह में भी की जाती है। रेतीली धार वाली मिट्टी की परतें इसकी खेती के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती हैं। कुटकी की खेती के लिए उपयोग की जाने वाली जमीन को एक सप्ताह के लिए सौरीकरण के लिए खुला छोड़ा जाता है, जिससे मृदा की उर्वरा क्षमता अच्छी बनी रहे। कुटकी के अच्छे उत्पादन के लिए एक एकड़ भूमि में लगभग 50,000 पौधों लगाए जा सकते है।
पौधे की रोपाई
कुटकी के पौधों की रोपाई के लिए देशी खाद की जरूरत होती है। एक एकड़ खेत में लगभग 60 से 70 क्विंटल गोबर की खाद की आवश्यकता पड़ती है। खेती के दौरान कुछ समय अंतराल पर पौधों की निराई बराबर रूप से की जाती है और इस दौरान खेत में पर्याप्त नमी भी बनाए रखने की जरुरत होती है। कुटकी के पौधों को सौंफ और आलू के साथ भी उगाया जा सकता है।
फसल की कटाई
कुटकी के पौधे 3 से 5 महीने में पूरी तरह से परिपक्व हो जाते हैं। जमीन की ऊंचाई के हिसाब से इनकी प्रजनन की प्रक्रिया अलग-अलग हो सकती है। अल्पाइन क्षेत्रों में पौधे सितंबर से अक्टूबर महीने के बीच ही पूरी तरह परिपक्व हो जाते हैं, जबकि कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुटकी के पौधे सितंबर माह के शुरू में परिपक्व होने लगते हैं। अतः भारत देश में अधिकतर किसान कुटकी की कटाई सितंबर माह के शुरुआती दिनों में ही शुरू कर देते हैं।
कुटकी का उत्पादन एवं भंडारण
कटाई करने के उपरांत सबसे पहले कुटकी के जड़ों को काफी अच्छे तरीके से सुखाया जाता है और नमी से बचाने के लिए इस जूट की थैलियों में सुरक्षित रखा जाता है। एक एकड़ जमीन में लगभग 400 से 600 किलोग्राम तक कुटकी का उत्पादन प्राप्त हो जाता है। इस सन्दर्भ में आपको बता दें कि कुटकी का जीवन चक्र तीन वर्षों का होता है, जिसमें इसके बीजों को पकने में लगभग 1 से 2 वर्ष का समय लग जाता है।
कुटकी (पिक्रोरिजा कुरोआ) एक कड़वी आयुर्वेदिक औषधि-बूटी है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से लिवर, पाचन, बुखार, श्वसन और त्वचा से संबंधित रोगों में प्रमुख रूप से किया जाता है। यह बूटी पित्त और कफ दोष को चालू करने में सहायक मानी जाती है।
कुटकी के प्रमुख औषधीय उपयोग

लिवर और पाचनः लिवर की खराबी को सही करना, पीलिया के रोग का समाधान, भूख की कमी, अपच, गैस और कब्ज में इसका उपयोग बहुलता से किया जाता है।
बुखारः आयुर्वेद में विभिन्न प्रकार के बुखार में इसे ज्वरघ्न (बुखार कम करने वाला) के रूप में प्रयोग किया जाता है।
श्वसन तंत्र के रोगः खांसी, ब्रोंकाइटिस और अस्थमा जैसी स्थिति में बलगम साफ करने और सांस लेने में आराम प्रदान करने के लिए पारंपरिक रूप से कुटकी का उपयोग किया जाता है।
त्वचा और सूजनः सूजन कम करना और मुंहासे, खुजली या अन्य त्वचा में सहायक पदार्थ उत्पन्न होता है।
सेवन करने के दौरान अपक्षित सावधानियाँ
उपयोग की मात्राः गुण या काढ़े की मात्रा मरीज की स्थिति और रूप (चूर्ण, वटी या काढ़ा) के आधार पर निर्धारित की जाती है। सामान्यतः कम मात्रा से शुरू करना और चिकित्सक या औषधि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार करना ही सबसे सुरक्षित रहता है।
प्रभावः कुटकी का अधिक मात्रा में सेवन करने से दस्त, पेट दर्द, गैस, मतली या उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती है।
विशेष सावधानीः गर्भावस्था, स्तनपान कराना, बच्चे, उच्च रक्तचाप या पहले लिवर/अन्य दवा ले रहे लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के कुटकी का सेवन नहीं करना चाहिए। दस्त या पेट की परेशानी के लिए इसे तुरंत बंद करें और किसर आयुर्वेदिक डॉक्टर से संपर्क करें।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।