सरसों की फसल से अधिक तेल प्राप्त करने लिए टिप्स      Publish Date : 16/11/2026

सरसों की फसल से अधिक तेल प्राप्त करने लिए टिप्स

                                                                                              प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी

अगर आप सरसों की खेती कर रहे तो आपको इस बात की जानकारी होना भी बहुत आवश्यक है कि इस फसल की तैयारी किस प्रकार से करनी चाहिए। आज की हमारी इस ब्लॉग पोस्ट के माध्यम से जानिए सरसों की अच्छी पैदावार प्राप्त करने के लिए सरसों के बीज की उचित मात्रा, खाद का संतुलित प्रयोग और सिंचाई कब करनी चाहिए, जिससे कि आपको फसल से अच्छी पैदावार प्राप्त हो सके के बारे में सम्पूर्ण जानकारी।

                                 

किसान भाईयों, जैसा कि आप सभी लोग जानते हैं कि रबी सीजन की शुरुआत अब हो चुकी है और इस समय किसान भाई रबी की फसल की बुवाई की तैयारी करने में व्यस्त है। ऐसे में सरसों की खेती जो किसानों के लिए सबसे अहम फसल होती है, जिसकी मांग 12 महीने बनी रहती है और इसी वजह से अधिकतर किसान भाई इस फसल की खेती करते हैं और बड़ा मुनाफा कमाते हैं, लेकिन कुछ किसान ऐसे होते हैं, जिन्हें सरसों की बुवाई की तैयारी कैसे करें इसके बारे में जानकारी अपेक्षाकृत कुछ कम होती है और इसी कारण उन्हें सरसों की पैदावार भी कम मिल पाती है।

आपकी इन्हीं सब समस्याओं का हल और सरसों की खेती से जुड़ी सभी जानकारियों को हमने अपने आज के इस लेख में शामिल करने का प्रयास किया है। अतः आपसे अपील है कि आज के हमारे इस लेख को शुरू से लेकर अन्त तक पूरे ध्यान से पढ़ें और इइसमें दी गई तमाम जानकारियों का लाभ उठाते हुए अपनी पैदावार और आय को बढ़ाएं।

अगर आप सरसों की खेती करने की सोच रहे हैं तो सबसे पहले इस बात को जान लेना चाहिए कि सरसों की बुवाई करते समय खेत में जरूरत से ज्यादा बीज का प्रयोग कदापि न करें, क्योंकि ऐसा करना फसल के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जब खेत में पौधे बहुत घने हो जाते हैं, तो उनके बीच धूप, पानी और पोषक तत्वों के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ जाती है और इसका सीधा प्रभाव पौधों की बढ़वार और अन्ततः सरसों के उत्पादन पर पड़ता है।

इसके साथ ही, एक एकड़ जमीन में हाइब्रिड सरसों की किस्म के लिए लगभग 50 ग्राम और ओपन पॉलिनेटेड यानी सामान्य उन्नत किस्मों के लिए करीब 90 ग्राम बीज की जरूरत हो सकती है। वहीं, सामान्य तौर पर एक हेक्टेयर खेत में लगभग 2.5 किलोग्राम बीज पर्याप्त माना जाता है।

सरसों की बुवाई के सही तरीके अपनाएं

किसानों को सरसों की बुवाई छिटकवां विधि से करने के बजाय लाइन में करनी चाहिए। दरअसल, छिटकवां विधि से बुवाई करने से खेत में पौधे कहीं ज्यादा और कहीं कम उगते हैं। इससे पौधों को बराबर जगह और पोषण नहीं मिल पाता है। इसलिए सरसों की बुवाई करते समय एक पौधे से दूसरे पौधे के बीच करीब 10 सेंटीमीटर और एक लाइन से दूसरी लाइन के बीच लगभग 30 सेंटीमीटर की दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इससे पौधों को वृद्वि करने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है और उनकी बढ़वार अच्छी होती है। साथ ही निराई-गुड़ाई और फसल की देखभाल करना भी काफी आसान हो जाता है।

सरसों की फसल में सल्फर का उपयोग

किसान अक्सर खेतों में यूरिया, डीएपी और पोटाश का प्रयोग तो करते हैं, लेकिन सल्फर जैसे महत्वपूर्ण घटक को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि सरसों जैसी तिलहनी फसल में सल्फर की अहम भूमिका होती है। यह पौधों में तेल के निर्माण की प्रक्रिया में मदद करता है। वहीं, सरसों की फसल में प्रति एकड़ करीब 11 किलोग्राम की दर से सल्फर दिया जा सकता है। इससे दानों में तेल की मात्रा बेहतर करने में मदद मिलती है। हालांकि, सल्फर की सही मात्रा मिट्टी की जांच और इस्तेमाल किए जाने वाले खाद के प्रकार के आधार पर ही तय करनी चाहिए।

सरसों की फसल में खासकर फूल आने से पहले खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखना बहुत जरूरी है। इस अवस्था में दूसरी सिंचाई करने से फूलों और फलियों के विकास में मदद मिलती है। अगर इस समय खेत में पानी की कमी हो जाने से पौधों की बढ़वार और दानों के विकास पर बुरा असर पड़ सकता है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।