
किचन गार्डन में पालक उगाने का तरीका Publish Date : 15/11/2026
किचन गार्डन में पालक उगाने का तरीका
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं गरिमा शर्मा
- किचन गार्डन में उगाएं पालक, एक बार की तैयारी से बार-बार मिलेगी ताजी फसल
अगर आप भी होम गार्डिंग का शौक रखते हैं और इस बार भी आप अपने किचन गार्डन में कुछ अच्छा उगाने की सोच रहे हैं, तो पालक की हरी-भरी फसल आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है। पालक की एक बार पैदावार प्राप्त करने के बाद आप इससे पूरे साल फ्रेश पालक प्राप्त कर सकते हैं। आज की इस ब्लॉग पोस्ट में आपको किचन गार्डन में पालक उगाने की तकनीक की जानकारी प्रदान करने जा रहे हैं, हमारे कृर्षि विशेषज्ञ प्रो0 आर. एस. सेंगर-
आज के समय में जिस तरह से बाजारों में हरी सब्जियों को उगाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में इन सब्जियों का सेवन करना लोगों के स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक होता जा रहा है, जिससे कई घातक बीमारियों को भी खतरा बढ़ता जा रहा है। इसलिए आजकल लोग होम गार्डिंग की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं और कई तरह के फल और हरी सब्जियों की पैदावार इन होम गार्डन्स में कर रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी इस बार अपने किचन गार्डन में कुछ उगाने का प्लान बना रहे हैं, तो पालक आपके लिए सही विकल्प हो सकता है, जो आपको सालभर अच्छी पैदावार देता है।

अगर आप इस साल अपने होम गार्डन में पालक उगाने जा रहे हैं तो सबसे पहले गमले की मिट्टी को तैयार कर लें। गमले की मिट्टी को तैयार करने के लिए सबसे पहले आप गोबर की अच्छी तरह सड़ी खाद या वर्मीकम्पोस्ट और थोड़ी रेत या कोकोपीट को मिलाकर एक पूरा मिक्सर तैयार कर लें और ऐसा करने से मिट्टी भुरभुरी बनी रहेंगी और उसका पानी आसानी से निकल जाएगा। इसके अलावा, पालक उगाने के लिए आप 6 से 8 इंच गहरा गमला, ट्रे या ग्रो बैग इस्तेमाल कर सकते हैं और अपने होम गार्डन में पालक को आसानी से उगा सकते हैं।
पौधों की देखभाल और बीज बुवाई करने की विधि
अपने घर की छत, बालकनी या घर के आसपास उपलब्ध छोटी सी जगह में भी आप आसानी से हरी-भरी पालक आसानी से उगा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आपको अपने गमले में अच्छी जल निकासी वाली उपजाऊ मिट्टी भर लेनी चाहिए। इसके बाद पालक के बीजों को करीब आधा इंच गहराई में बोकर ऊपर से मिट्टी की एक हल्की परत बिछा देनी चाहिए। बुवाई करते समय पालक के बीज के बीच पर्याप्त दूरी रखना भी जरूरी है, ताकि पौधों को फैलने और बढ़ने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके।
बीज बोने के तुरंत गमले में बाद हल्का पानी दे देना चाहिए और मिट्टी में नमी का उचित स्तर बनाए रखना बहुत आवश्यक है। हालांकि, गमले में पानी जमा न होने देना चाहिए, क्योंकि इससे पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। पालक के पौधों को अच्छी बढ़त देने के लिए गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना कुछ घंटों तक धूप आती हो। बुवाई के 15-20 दिन बाद पौधों में थोड़ी वर्मीकम्पोस्ट या जैविक खाद डाल सकते हैं।

जब पालक की पत्तियां अच्छी तरह बड़ी हो जाएं, तब उनकी कटाई शुरू कर देनी चाहिए। ध्यान रहे कि पूरे पौधे को जड़ से कभी भी न उखाड़ें। ऐसा करने की बजाय बाहर की बड़ी पत्तियों को कैंची से काटें और बीच की छोटी पत्तियों को छोड़ देनी चाहिए। इससे पौधे में नई पत्तियां निकलती रहेंगी और आपको बार-बार ताजी पालक मिलती रहेगी।
इसके अलावा, लगातार उत्पादन पाने के लिए प्रति 2-3 सप्ताह के अन्तराल पर पालक नए बीज बोते रहें, ताकि आपको लगातार पालक की उपज प्राप्त होती रहे।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।