
मक्का की खेती के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारी Publish Date : 16/03/2026
मक्का की खेती के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारी
प्रोफेसर आर. एस. सेगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी
मक्का की बिजाई का समय, खाद और बीज की सही दूरी और अन्य कृषण क्रियाओं के सम्बन्ध में की पूरी जानकारी, हमारे आज के इस लेख में प्रदान की जा रही है:-
किसान भाइयों, मक्का की फसल से बम्पर पैदावार लेने के लिए इसकी बिजाई करने का समय सबसे अधिक महत्वपूर्ण होता है। अगर शुरुआत में सही खाद और सही दूरी का ध्यान रखा जाए, तो भुट्टे का आकार और दानों की चमक शानदार प्राप्त होती है।
बिजाई के समय कौन सा खाद डालें? (प्रति एकड़):

मक्का को पोषक तत्वों की अधिक मात्रा में आवश्यकता होती है। इसके लिए आप इनमें से कोई भी एक कॉम्बिनेशन का चुनाव अपनी सुविधा के अनुसार कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं:
1. DAP कॉम्बिनेशनः 50 किलो DAP + 20 किलो यूरिया + 20 किलो पोटाश (MOP)।
2. NPK कॉम्बिनेशनः 75 किलो NPK (12:32:16) + 5 किलो जिंक सल्फेट।
3. SSP कॉम्बिनेशनः 150 किलो SSP + 40 किलो यूरिया + 20 किलो पोटाश।
कृपया ध्यान दें: खाद को बीज से कम से कम 2-3 इंच नीचे या साइड में डालें ताकि पौधों का अंकुरण सुरक्षित बना रहे।
मक्का बिजाई के लिए सही दूरी
- मक्का के पौधों के बीच सही हवा और धूप का संचार होना जरूरी है।
कतार से कतार की दूरी: 60 सेंटीमीटर (लगभग 24 इंच या 2 फीट)।
पौधे से पौधे की दूरी: 20 से 25 सेंटीमीटर (लगभग 8-10 इंच)।
बीज की गहराईः बीज को मिट्टी में 3 से 5 सेंटीमीटर की गहराई पर ही दबाएं। क्योंकि अधिक गहराई पर बीज की बुवाई करने से जमाव कम हो सकता है।

प्रो टिपः अगर आप मक्का की हाइब्रिड किस्मों का उपयोग कर रहे हैं, तो प्रति एकड़ लगभग 7-8 किलो बीज की जरूरत होती है। बिजाई से पहले बीज उपचार करना भी बहुत जरूरी हैं ऐसा करने से मक्का में लगने वाली विभिन्न् बीमारियों शुरुआत में ही बचाव हो सकता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
