
तोरिया की खेती को प्रोत्साहन Publish Date : 10/08/2025
तोरिया की खेती को प्रोत्साहन
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं गरिमा शर्मा
तोरिया की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को मुफ्त बीज देने की तैयारी
लाही अर्थात तोरिया की खेती को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की योजना के तहत निशुल्क तिलहन बीज मिनी किट का वितरण किया जा रहा है। इस योजना के तहत पंजीकृत प्रत्येक किसान को दो किलोग्राम लाही या तोरिया के बीज की मिनीकिट मुफ्त दिए जाने की तैयारी की जा रही हैं।
मिलेगी एक मिनी बीज किट
उत्तर प्रदेश में प्रत्येक किसान को एक मिनी बीज किट देने का प्रयास किया जा रहा है और यदि इसके लिए आवेदक अधिक आते हैं तो लॉटरी प्रक्रिया से चयन किया जाएगा। चयनित किसानों को बीज उनके समीपस्थ राजकीय कृषि बीज भंडार से पोस मशीन के माध्यम से वितरित किए जाएंगे।
पोषक तत्वों से भरपूर होती है तोरिया

तोरिया कम समय और कम पानी में अच्छी उपज देती है। छोटे किसानों के लिए यह फसल विशेष रूप से अधिक लाभदायक मानी जाती है। तोरिया के तेल में ओमेगा 3 फैटी एसिड प्रोटीन और अन्य पोषक तत्व भरपूर मात्रा में उपलब्ध पाए जाते हैं।
कैसे करें आवेदन
यदि आप तोरिया का बीज प्राप्त करना चाहते है तो इसके लिए आप अधिकारिक लिंक पर 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आप अपने जिले के कृषि विभाग या फिर कॉमन सर्विस सेंटर ‘सीएससी’ पर संपर्क कर सकते हैं अथवा आप अपने जिले के जिला कृषि अधिकारी से मिलकर भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
